
तेल अवीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर इजरायल पहुंचे। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने गार्ड ऑफ ऑनर के बीच उनका भव्य स्वागत किया। नेतन्याहू ने अपने ‘मित्र’ को बाहें फैलाकर गले लगाया, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रतीक है। यह मोदी की नौ वर्षों में दूसरी इजरायल यात्रा है, पिछली बार वे जुलाई 2017 में आए थे।
नेतन्याहू ने एक्स पर स्वागत वीडियो साझा कर लिखा, ‘स्वागत है मेरे मित्र पीएम नरेंद्र मोदी।’ आधिकारिक पोस्ट में दौरे को ऐतिहासिक करार दिया गया और कार्यक्रम की रूपरेखा बताई गई। पीएम मोदी नेसेट (इजरायली संसद) को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। वे भारतीय समुदाय से मिलेंगे और तकनीकी प्रदर्शनी का दौरा करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार नेसेट में औपचारिक अभिनंदन होगा। शाम को किंग डेविड होटल में डिनर आयोजित है। गुरुवार सुबह याद वाशेम होलोकॉस्ट स्मारक का दौरा होगा, उसके बाद दोनों नेताओं की बड़ी बैठक में पहले से तैयार समझौतों का आदान-प्रदान और संयुक्त बयान होगा।
दोपहर 2 बजे इजरायल से रवानगी की उम्मीद। दौरे में ड्रोन और एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम पर डील की चर्चा संभावित। नेतन्याहू ने पहले कहा था कि वे अपने प्रिय मित्र का इंतजार कर रहे हैं। यरूशलम पोस्ट ने विशेष फ्रंट पेज छापा, जिसमें मोदी की फोटो के साथ हिंदी में ‘नमस्ते’ और हिब्रू में ‘शालोम’ लिखा।
यह दौरा भारत-इजरायल संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, खासकर रक्षा और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में।