
मुंबई। ‘जॉली एलएलबी 3’ के एक साल बाद अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी कॉमेडी टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने को तैयार हैं। आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ में वे हॉरर और कॉमेडी का जबरदस्त मिश्रण पेश करेंगे।
फिल्म के पोस्टर और रिलीज डेट की घोषणा के बाद अब मेकर्स ने पहला गाना ‘राम जी आकर भला करेंगे’ का टीजर जारी कर दिया है। इसमें अक्षय तांत्रिक के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिनके इर्द-गिर्द भूतों का समूह मस्ती करता दिखा। टीजर में डर और हंसी का ऐसा संगम है कि देखते ही मनोरंजन हो जाता है।
अक्षय के चेहरे के हाव-भाव तो कमाल के हैं, जो डर को भी हंसी में बदल देते हैं। गाने की धुन कर्णप्रिय है और ये ब्लॉकबस्टर साबित होने के संकेत दे रही है। पूरा गाना कल रिलीज होगा।
अभिनेता ने खुद एक्स पर पोस्ट कर उत्साह बढ़ाया, ‘मेरे भूतों संग तैयार हूं, आप तैयार हैं? ‘राम जी आकर भला करेंगे’ का टीजर आ गया। गाना कल!’ ये पोस्ट वायरल हो चुकी है।
‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघारों में धूम मचाएगी। ‘जॉली एलएलबी 3’ के औसत प्रदर्शन के बाद फैंस को इस फिल्म से बड़ी उम्मीदें हैं। अक्षय को सुपरहिट की दरकार है और ये फिल्म वो तोहफा बन सकती है।
इसके अलावा ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को रिलीज होगी, जबकि ‘हैवान’ की शूटिंग खत्म हो चुकी है। ‘भूत बंगला’ अक्षय की वापसी का संकेत दे रही है।