
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दो विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज विफल रहे। बाबर आजम 25, फखर जमान 16 गेंदों में 25 और शादाब खान 11 गेंदों पर 23 रन बना सके।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में आठ विकेट खोकर 165 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रूक ने 51 गेंदों का सामना कर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से पहला टी20 शतक जड़ा। विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रन जोड़े।
पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 30 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने दो-दो विकेट लिए।
इंग्लैंड ने सुपर-8 का दूसरा मैच जीतकर जगह पक्की कर ली। पाकिस्तान को 27 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत जरूरी है, साथ ही अन्य मैचों पर नजर। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम की राह कठिन हो गई है।