
पटना में चौकीदार-दफादार संघ के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज की केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि वे खुद उनकी जायज मांगों को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलेंगे। सोमवार को डाकबंगला चौराहे पर हुई इस घटना ने ग्रामीण सुरक्षा कर्मियों की पीड़ा को उजागर कर दिया है।
सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में पासवान ने इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि गांवों की सुरक्षा की रीढ़ इन कर्मचारियों की आवाज को बल से दबाना अस्वीकार्य है। लोजपा (रामविलास) प्रमुख ने जोर देकर कहा कि इन वफादार सेवकों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित रखना सरकार व समाज की जिम्मेदारी है।
पार्टी ने सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गठित किया है, जो उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री से जल्द मुलाकात करेगा। ज्ञापन में मांगें पूरी करने, सेवा समस्याओं का स्थायी हल और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की बात होगी।
पासवान ने स्पष्ट कहा कि सुधार के नाम पर इन परिवारों की आजीविका व गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं। वे स्वयं सीएम से आजीविका, सामाजिक सुरक्षा व सम्मान की रक्षा के कदम उठाने का अनुरोध करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े, तो पुलिस ने बल प्रयोग किया। यह घटना बिहार में ग्रामीण चौकीदार व्यवस्था सुधार पर बहस को तेज कर रही है। पासवान का यह कदम इन कर्मचारियों के हक में मजबूत आवाज बन सकता है।