
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को गुजरात मेट्रो रेल निगम (जीएमआरसी) के गिफ्टी सिटी से शाहपुर तक कॉरिडोर विस्तार को हरी झंडी दे दी। यह 3.33 किलोमीटर लंबा ऊंचा मार्ग तीन नए स्टेशनों के साथ बनेगा, जिसकी लागत करीब 1067.35 करोड़ रुपये आंकी गई है। चार साल में पूरा होने वाली यह परियोजना यात्रियों की जिंदगी बदलेगी।
2029 तक प्रतिदिन 23,702 और 2041 तक 58,059 यात्रियों को इससे फायदा होगा। अहमदाबाद और गिफ्ट सिटी के बीच मजबूत कनेक्टिविटी बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शिक्षण संस्थानों और व्यापारिक केंद्रों को सीधी पहुंच देगी।
व्यापार, नौकरी व शिक्षा के लिए आने-जाने वाले यात्रियों की सुगमता बढ़ेगी। नेटवर्क एकीकरण से यात्री सुविधाएं चरम पर पहुंचेंगी।
निर्माण में 1000 नौकरियां पैदा होंगी, जबकि संचालन-रखरखाव में 250 लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे जुड़ी गतिविधियों से अप्रत्यक्ष रूप से हजारों को लाभ होगा।
गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (जीएमसी) केंद्र व राज्य सरकार का 50:50 संयुक्त उपक्रम इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। अहमदाबाद मेट्रो के 68.28 किमी नेटवर्क में चरण-1 (सितंबर 2022) व चरण-2 (जनवरी 2026) के 53 स्टेशन हैं, जहां रोज 1.60 लाख यात्री सफर करते हैं।
यह विस्तार गुजरात की आर्थिक प्रगति को नई गति देगा, स्मार्ट सिटी के सपने को साकार करेगा।