
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। 32 वर्षीय पीड़िता ने खार पुलिस की सुस्त जांच से तंग आकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उसने मांग की है कि केस की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए, क्योंकि आरोपी की गिरफ्तारी में देरी हो रही है।
कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई कर अगली तारीख 6 मार्च मुकर्रर की है। पीड़िता का दावा है कि शरद ने फिल्म प्रोजेक्ट की बात कर उसे अपने घर बुलाया और छेड़छाड़ की कोशिश की। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस आरोपी को संरक्षण दे रही है।
पीड़िता के वकील अली काशिफ खान ने बताया कि पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी में वरिष्ठ इंस्पेक्टर व जांच अधिकारी के खिलाफ शिकायत की गई है। दोनों सुनवाइयों में वे कोर्ट नहीं पहुंचे। हमने उनके निलंबन की मांग की है।
उन्होंने कहा, कॉल डिटेल, स्क्रीनशॉट जैसे सबूत मौजूद हैं, फिर भी शरद गिरफ्तार नहीं। एक अधिकारी ने कहा था कि ऐसे केस में तुरंत गिरफ्तारी नहीं होती, जबकि अन्य मामले में हुई। यह मनमानी अस्वीकार्य है।
चार्जशीट में झूठ लिखा गया कि आरोपी गिरफ्तार कर पेश किया गया। समन का उल्लंघन कर शरद ने सहयोग नहीं किया। इसलिए क्राइम ब्रांच वुमेन सेल को जांच सौंपी जाए।
पीड़िता ने बताया कि सोशल मीडिया से पहचान हुई। काम का लालच देकर खार स्थित घर बुलाया। 90-2000 के दशक के अभिनेता शरद की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया। यह मामला सेलिब्रिटी संस्कृति पर सवाल उठाता है।