
वॉशिंगटन, 24 फरवरी। मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग कार्टेल सरगना नेमेसियो एल मेंचो ओसेगुएरा सर्वेंटेस की हत्या ने पूरे देश को हिंसा की चपेट में ले लिया है। जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) के प्रमुख को रविवार को मेक्सिकन सेना के अभियान में मार गिराया गया, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का सहयोग था।
इसके जवाब में कार्टेल गुटों ने देशभर में हाईवे जाम कर दिए, वाहनों को आग लगा दी और प्यूर्टो वालार्टा जैसे रिसॉर्ट इलाकों में पर्यटकों को बंधक बना लिया। रक्षा सचिव रिकार्डो ट्रेविला ने बताया कि ऑपरेशन में आठ कार्टेल सदस्य ढेर हुए। अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में 25 से अधिक सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक मारे गए, जबकि 30 संदिग्ध मारे गए और 70 गिरफ्तार।
प्यूर्टो वालार्टा में अफरा-तफरी मच गई। दक्षिण कैरोलिना के पर्यटक यूजीन मार्चेंको ने कहा, ‘नीचे देखा तो कारें आग में लिपटी थीं। छह गाड़ियां और एक ईंधन टैंकर जल गया।’ अमेरिकी दूतावास ने 24/7 हेल्पलाइन शुरू की, क्योंकि फ्लाइट्स रद्द हो गईं।
राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने सोमवार को कहा कि अधिकांश गतिविधियां सामान्य हो गई हैं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि मेंचो की मौत से कार्टेल में सत्ता संघर्ष तेज हो सकता है, खासकर जलिस्को में, जो 2026 फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा।
सीजेएनजी मेक्सिको का सबसे ताकतवर अपराध सिंडिकेट है, जिसके नेटवर्क अमेरिका तक फैले हैं। सरकार कार्टेल खत्म करने का वादा करती है, लेकिन ऐसी हिंसा बार-बार देश को झकझोरती रहती है।