
एम्स्टर्डम। नीदरलैंड्स को मिला नया प्रधानमंत्री। महज 38 साल के रॉब जेटन को राजा विलेम-अलेक्जेंडर ने ह्यूस टेन बॉश पैलेस में पीएम पद की शपथ दिलाई। डी66, क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स और वीवीडी के तीन दलों के गठबंधन से बनी इस अल्पमत सरकार का नेतृत्व जेटन कर रहे हैं।
चार सालों में तीसरी बार नया कैबिनेट बना है। शपथ ग्रहण के दौरान पुरुष मंत्रियों ने परंपरा निभाते हुए मॉर्निंग कोट पहना। शपथ के बाद वे अपने मंत्रालयों में जिम्मेदारी संभालने पहुंचे। पैलेस की सीढ़ियों पर राजा संग फोटो भी खिंचवाई गई।
150 सदस्यीय सदन में गठबंधन के पास केवल 66 सीटें हैं। ऐसे में हर विधेयक के लिए विपक्ष पर निर्भरता रहेगी। अक्टूबर चुनावों में डी66 ने गीर्ट वाइल्डर्स की पीवीवी को कड़ी टक्कर दी थी। दोनों को 26-26 सीटें मिलीं, लेकिन पीवीवी के सात सांसदों के बगावत ने समीकरण बदल दिया।
जनवरी 2026 में गठबंधन समझौता हुआ। यूरोप समर्थक जेटन के नेतृत्व में सरकार को आर्थिक चुनौतियों, प्रवासन और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों से निपटना होगा। युवा पीएम से उम्मीदें कायम हैं कि वे स्थिरता लाएंगे।