
मेक्सिको के खूंखार ड्रग माफिया एल मेंचो को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। यह खबर आते ही कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। इस तनावपूर्ण स्थिति में मेक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने देश में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है।
दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि चल रहे सुरक्षा अभियानों से सड़कें अवरुद्ध हैं और अपराधी गतिविधियां बढ़ रही हैं। जालिस्को राज्य (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला, ग्वाडलाहारा क्षेत्र), तमाउलिपास (रेनोसा सहित अन्य इलाके), मिचोआकन, गुएर्रो और न्यूवो लियोन राज्यों में रहने वाले भारतीयों को अगले आदेश तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई।
नागरिकों को निर्देश दिए गए कि कानून प्रवर्तन वाले इलाकों से दूर रहें, आसपास सतर्क रहें, घर पर ही डटे रहें, गैर जरूरी कामों के लिए बाहर न जाएं और स्थानीय मीडिया से अपडेट लेते रहें। स्थानीय अधिकारियों के कहे पर अमल करें, इमरजेंसी में 911 डायल करें, भीड़ से बचें। परिवार व मित्रों को फोन, मैसेज या सोशल मीडिया से लोकेशन और हालचाल बताते रहें।
मदद के लिए दूतावास का नंबर +52 55 4847 7539 दिया गया। इसी तरह अमेरिकी विदेश विभाग ने भी अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की और संपर्क नंबर दिए- यूएस/कनाडा से 1-888-407-4747, विदेश से +1 202-501-4444।
अमेरिका लंबे समय से मेक्सिको पर ड्रग तस्करी रोकने का दबाव डाल रहा है। हाल के महीनों में कार्टेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हुई, हालांकि मेक्सिको ने अमेरिकी सेना की सीधी भागीदारी ठुकरा दी। एल मेंचो का खात्मा महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन हिंसा का खतरा बरकरार है। भारतीयों को सावधानी बरतनी होगी।