
वेल्लोर। तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय हो रही तमिलगा वेट्टी कजगम (टीवीके) के प्रमुख विजय सोमवार को वेल्लोर में पार्टी के कार्यकारी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे। कोल्लमंगलम में दोपहर 12 से 3 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए मोटी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लगभग 4900 सदस्यों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, वो भी विशेष क्यूआर कोड वाले टिकट के जरिए।
यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, व्यवस्थित प्रवेश और केवल अधिकृत लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपनाई गई है। महासचिव एन. आनंद ने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं, बच्चों, छात्रों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार व्यक्तियों को पास नहीं दिए जाएंगे। यह फैसला हाल ही इरोड में हुई एक टीवीके सभा के दौरान एक व्यक्ति की मौत की घटना से प्रेरित है।
उस हादसे के सबक को अमल में लाते हुए आयोजकों ने स्थल पर विशाल टेंट लगाया है, ताकि गर्मी से बचाव हो और तीन घंटे के सत्र में आराम मिले। चिकित्सा टीम और इमरजेंसी सुविधाएं भी मुस्तैद रखी गई हैं। रविवार रात विजय का काफिला भारी सुरक्षा के बीच पहुंचा, जहां कार्यकर्ता छोटे झुंडों में उनकी एक झलक पाने को उत्सुक दिखे।
सलेम की ताजा बैठक के ठीक बाद वेल्लोर आयोजन 2026 विधानसभा चुनावों की तैयारी को रफ्तार दे रहा है। चर्चा का केंद्र बूथ स्तर मजबूती, प्रचार योजनाओं की पड़ताल और जिला नेताओं को सक्रिय करना होगा। कार्यकर्ताओं के जोश के बीच विजय का संबोधन उत्तरी तमिलनाडु में पार्टी की अगली रणनीति तय कर सकता है।