
नई दिल्ली में डिजिटल कौशल विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला एक बड़ा अभियान शुरू हो गया है। विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए ‘बढ़ना है तो यहां जुड़ना है’ नामक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई है। इसकी ब्रांड एंबेसडर बनाए गए हैं महानायक अमिताभ बच्चन। कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के अवसर पर इसे लॉन्च किया।
अमिताभ बच्चन की अपार लोकप्रियता से स्किल इंडिया डिजिटल हब (सिद्ध) तक करोड़ों लोगों की पहुंच बढ़ेगी। यह प्लेटफॉर्म अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा यूजर्स को जोड़ चुका है। मोबाइल आधारित और एआई संचालित यह मंच सरकारी योजनाओं को एक छतरी में लाता है। उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कोर्स, व्यक्तिगत सलाह, डिजिटल प्रमाणपत्र और 21 से अधिक भाषाओं में सेवाएं उपलब्ध हैं।
चौधरी ने कहा कि एआई और ऑटोमेशन के दौर में हर नागरिक को नए कौशल सीखना जरूरी है। यह अभियान युवाओं, छात्रों, पेशेवरों और उद्यमियों को जोड़ेगा। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और क्यूआर कोड से चलेगा यह कैंपेन। विजुअल्स में भारत की विविधता दिखाई गई है – युवा, महिलाएं, उद्यमी और दिव्यांग सभी शामिल।
सिद्ध छात्रों से लेकर उद्यमियों तक सभी की मदद करेगा। यह जानकारी की बाधाओं को दूर कर समान अवसर प्रदान करता है। यह अभियान भारत को आत्मनिर्भर कौशल राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।