
मुंबई। हरियाणवी सिनेमा के धुरंधर उत्तर कुमार एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार हैं। रविवार को इंस्टाग्राम पर उनके नए गाने ‘आजा मेरी गाड़ी में’ का देसी स्टाइल में प्रमोशनल वीडियो वायरल हो गया है। फैंस इसे सुपरहिट बताते हुए बेसब्री से रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
वीडियो में उत्तर कुमार के साथ अभिनेत्री अंजलि राघव नजर आ रही हैं। दोनों गाने की मजेदार लाइनों पर ठुमके लगा रहे हैं। अंजलि अपने गोरेपन पर इतराती हैं, तो उत्तर काले रंग की तारीफ में काले काजल का जिक्र करते हुए आंखों की शोभा बयां करते हैं। यह संवाद और डांस पूरी तरह देसी स्वाद से भरपूर है।
दोनों की जोड़ी कमाल की लग रही है, जिसे फैंस खूब सराह रहे हैं। उत्तर ने कैप्शन में लिखा, ‘आजा मेरी गाड़ी में, जल्द अंजलि राघव के साथ।’ कमेंट्स में फैंस बोले, ‘उत्तर भाई, सुपरहिट पक्का है।’ ‘देसी धमाका है यह जोड़ी।’
फायर और हार्ट इमोजी के साथ तारीफें बरस रही हैं। ‘उत्तर का स्टाइल नंबर वन’ और ‘गाड़ी में चढ़ने को जी चाहा, जल्दी रिलीज करो’ जैसे कमेंट्स ट्रेंड कर रहे हैं। उत्तर कुमार की यह नई पेशकश हरियाणवी संगीत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली है। फैंस का क्रेज देखते ही बन रहा है।