
देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी रविवार को झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शुमार इस पावन स्थल पर उन्होंने भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पूजा अर्चना संपन्न हुई।
गर्भगृह में पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया गया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अडानी ने कहा, ‘बाबा धाम आना मेरी पुरानी इच्छा थी। यहां की शांति अद्भुत है। मैंने झारखंड और पूरे देश के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।’
पूजा के उपरांत वे गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के निवास पर गए। इस मुलाकात को विकास और उद्योगों से जोड़ा जा रहा है।
देवघर से प्रस्थान कर वे बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती रवाना हो गए, जहां अडानी समूह का 2400 मेगावाट का अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट प्रस्तावित है। परियोजना की समीक्षा करेंगे।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए थे। अडानी का यह दौरा आध्यात्मिक और व्यावसायिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।