
नई दिल्ली। रविवार को मन की बात के 131वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टी20 विश्व कप 2026 के संदर्भ में भारतीय जड़ों वाले खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि कैसे ये सितारे दूसरे देशों की जर्सी में भी भारत का मान बढ़ा रहे हैं।
‘जो खेलते हैं, वे खिलते हैं। खेल हमें एकजुट करता है,’ पीएम ने कहा। दर्शक जब टी20 मैच देखते हैं तो किसी परिचित नाम पर नजर अटक जाती है। विदेशी जर्सी में भारतीय मूल का खिलाड़ी देखकर दिल में हर्ष की लहर दौड़ जाती है। ये एथलीट अपने बसाए देशों का पूरे मन से प्रतिनिधित्व करते हैं।
कनाडा की टीम में सबसे अधिक ऐसे खिलाड़ी हैं। कप्तान दिलप्रीत बाजवा पंजाब के गुरदासपुर के हैं। नवनीत धालीवाल चंडीगढ़ से आते हैं। हर्ष ठाकर और श्रेयस मोआ भी इस सूची में शामिल हैं, जो कनाडा और भारत दोनों का गौरव बढ़ा रहे।
अमेरिका की टीम में गुजरात के मोनांक पटेल कप्तान हैं, जो अंडर-16 व अंडर-18 स्तर पर खेल चुके। मुंबई के सौरभ नेट्रावलकर, हरमीत सिंह और दिल्ली के मिलिंद कुमार इस टीम के स्तंभ हैं।
ओमान में जतिंद्र सिंह, विनायक शुक्ला, करन, जय और आशीष जैसे पूर्व भारतीय राज्य स्तर के खिलाड़ी मजबूती प्रदान कर रहे। न्यूजीलैंड, यूएई व इटली की टीमों में भी ऐसे चेहरे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, भारतीयता की यही खासियत है कि हम जहां जाते हैं, मातृभूमि से जुड़े रहते हैं और कर्मभूमि के विकास में योगदान देते हैं। ये खिलाड़ी प्रेरणा स्रोत बन रहे हैं। टी20 विश्व कप की दहलीज पर ये कहानियां खेल की एकता को रेखांकित करती हैं।