
टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण की शुरुआत में ही बारिश ने फैंस के उत्साह पर पानी फेर दिया है। शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच पूरी तरह धुल गया। अब रविवार को कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले पर भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होना है, लेकिन मौसम विभाग ने क्षेत्र में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।
पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच की तरह यह मुकाबला भी बिना गेंद फेंके रद्द हो सकता है। अगर थोड़ी बहुत खेल पड़े तो ओवरों में कटौती तय है, जो टीमों की रणनीतियों को प्रभावित करेगी। पल्लेकेले की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए स्वर्गसी है, जहां औसत पहली पारी का स्कोर 165-170 रहता है। बाद में स्पिनरों को जमकर मदद मिलती है और हालिया मैचों में 200 से अधिक रन भी देखे गए हैं।
इस मैदान पर बारिश ने पहले भी खेल बिगाड़ा है। ग्रुप बी का जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच भी पूरी तरह रद्द हो गया था। हेड टू हेड रिकॉर्ड में इंग्लैंड का दबदबा है, जिन्होंने 17 टी20 में से 13 जीते हैं। इंग्लैंड की कप्तानी हैरी ब्रूक कर रहे हैं, जिसमें जोस बटलर, सैम करन जैसे सितारे हैं। श्रीलंका की कमान दसुन शनाका के हाथ में है, जिसमें कुसल परेरा और महेश थीक्षाना जैसे धुरंधर शामिल हैं।
फैंस उम्मीद बांधे बैठे हैं कि कहीं बारिश फिर खेल न खराब कर दे। क्या यह सुपर 8 मुकाबला होगा या फिर धुल जाएगा? ताजा अपडेट के लिए बने रहें।