
नई दिल्ली। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने भारत में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया अब अपनी जड़ों पर लौट आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत मंडपम में समिट के उद्घाटन के दौरान लूला ने भारतीय गणितज्ञों द्वारा 2000 साल पहले दिए गए बाइनरी सिस्टम का जिक्र किया, जो आधुनिक कंप्यूटिंग की नींव है।
एक्स पर पोस्ट में लूला ने लिखा कि ग्लोबल साउथ में पहली बार हो रहे इस समिट में भाग लेना ब्राजील के लिए गौरव की बात है। समाज एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, जहां चौथी औद्योगिक क्रांति तेजी से बढ़ रही है, लेकिन बहुपक्षीयता कमजोर पड़ रही है। एआई का वैश्विक शासन इस दौर में रणनीतिक महत्व रखता है।
लूला ने कहा कि हर बड़ी तकनीकी नवाचार में दोहरी प्रकृति होती है, जैसे परमाणु ऊर्जा या जेनेटिक इंजीनियरिंग। ये लाभ दे सकते हैं या हानि भी। एल्गोरिदम केवल कोड नहीं, बल्कि शक्ति संरचना का हिस्सा हैं। बिना समावेशी प्रयासों के एआई पुरानी असमानताओं को बढ़ावा देगा।
अपने दौरे के दौरान लूला समिट में शिरकत करेंगे और 21 फरवरी को पीएम मोदी से द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इससे पहले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात में ब्राजील में निवेश, इंजीनियरिंग सेंटर और डेटा सेंटर्स पर चर्चा हुई। यह समिट वैश्विक दक्षिण की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।