
नई दिल्ली। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके अमर योगदान को सलाम किया। सोशल मीडिया एक्स पर शाह ने लिखा कि अल्पायु में ही हिंदवी स्वराज की स्थापना का संकल्प लेने वाले शिवाजी ने राष्ट्र के हर कण में स्वधर्म, स्वराज और स्वभाषा के लिए जीवट जगा दिया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को एकजुट कर विशाल सेना गढ़ी, जिसका एकमात्र लक्ष्य राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा था।
शाह ने अपने भाषण के अंश साझा करते हुए कहा कि शिवाजी का अर्थ है संकल्प, शौर्य, समर्पण और बलिदान। मुगल, अधीन और निजाम शासकों से घिरे महाराष्ट्र को उन्होंने हिंदवी स्वराज में तब्दील कर दिया। अटक से कटक, बंगाल से तमिलनाडु तक स्वराज का सपना साकार होता दिखा।
उस समय घोर अंधकार में डूबे देश में 12 वर्षीय बालक ने सिंधु से कन्याकुमारी तक भगवा फहराने की प्रतिज्ञा ली। ऐसी दृढ़ता, साहस और रणनीति किसी अन्य नायक में दुर्लभ है। शिवाजी ने 200 वर्ष पुरानी मुगल सत्ता को ध्वस्त कर देश को स्वतंत्रता का मंत्र दिया।
आज आजादी के 75 वर्ष बाद भारत सिर ऊंचा किए खड़ा है। 100 वर्ष पूरे होने पर विश्व में शीर्ष पर पहुंचेंगे, यह शिवाजी की मूल कल्पना है। शाह ने कहा, स्वराज की लड़ाई कभी न रुके। पीएम मोदी के नेतृत्व में यह गौरवपूर्वक चल रही है। शिवाजी के चरित्र को हर बच्चे तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।