
अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में भारत के खिलाफ 17 रन से हारकर नीदरलैंड्स का अभियान समाप्त हो गया। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों की तारीफ की, खासकर निचले क्रम की विस्फोटक क्षमता पर।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने 6 विकेट पर 193 रन बनाए। नीदरलैंड्स 176/7 तक पहुंचा, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सका। एडवर्ड्स ने कहा, ‘भारत के पास निचले क्रम तक शानदार फायरपावर है। 14-15 ओवर तक उन्हें रोकना सराहनीय था, लेकिन कुछ मौके हाथ से निकले और गलतियां भारी पड़ीं।’
आर्यन दत्त ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। कप्तान ने उनकी सराहना करते हुए कहा, ‘आर्यन को पूरा श्रेय। वह वर्षों से शानदार फॉर्म में हैं और भारतीय बल्लेबाजों को कड़ी टक्कर दी। पूरे मैच में हम मुकाबले में बने रहे।’
भारत 15 ओवर में 118/4 था, लेकिन शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। ग्रुप-ए में चौथे स्थान पर रहने वाली नीदरलैंड्स टीम ने 4 मैचों में 1 जीत हासिल की।
एडवर्ड्स ने कहा, ‘भारत आकर हमेशा कुछ नया सीखते हैं। छोटे मैदान, सपाट पिचें, जोरदार दर्शक – सब अलग है। हमने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अहम मौकों पर चूक गए। चार मैचों के टूर्नामेंट में ऐसे पल भुनाना जरूरी होता है।’