
ढाका, 18 फरवरी। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की नई सरकार ने देश की छवि बदतर करने वाले भीड़तंत्र पर कड़ा रुख अपनाया है। गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अपने पहले ही दिन मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट कर दिया कि मॉब कल्चर अब बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहेंगे, लेकिन अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होगी।
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में गृहमंत्री ने चेतावनी दी, ‘बांग्लादेश में मॉब कल्चर का अंत होना चाहिए। इसे किसी भी रूप में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।’ रैलियां, सभाएं और मांगें रखने के कानूनी तरीके बरकरार रहेंगे, लेकिन सड़कों और हाईवे को अवरुद्ध करना अब बंद।
पुलिस की साख बहाल करने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों को जनता का मित्र बनना होगा। ‘पुलिस और अन्य एजेंसियां पहले अपर्याप्त रहीं। अब खराब छवि को सुधारना जरूरी है।’ भ्रष्टाचार मुक्त मंत्रालय बनाने का संकल्प लेते हुए अहमद ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर बिना विलंब कार्रवाई होगी। यह कदम बांग्लादेश को व्यवस्थित और कानून सम्मत समाज की ओर ले जाएगा।