
पटना। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी को अपना बड़ा भाई और आदर्श बताते हुए साफ कहा कि उनके प्रति सम्मान दिखाने के लिए किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की कोई जरूरत नहीं। उन्होंने कहा, ‘मनोज भैया हमेशा मेरे बड़े भाई रहेंगे। इसे साबित करने के लिए पार्टी जॉइन करना जरूरी नहीं।’
खेसारी ने मनोज तिवारी को अपना रोल मॉडल बताते हुए कहा, ‘आदर्श की सेवा के लिए पार्टी में जाने की जरूरत नहीं। जहां उनकी जरूरत पड़ेगी, वहां छोटे भाई की तरह मैं हमेशा साथ खड़ा रहूंगा।’ राजनीति में वापसी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह मूल रूप से कलाकार हैं और इसी क्षेत्र में खुश हैं।
‘राजनीति में झूठ बोलना पड़ता है, जो मुझसे नहीं होगा। मैं सच्चाई का साथी हूं और वहां सत्य नहीं चलता। एक बार चुनाव लड़ा था, लेकिन अब समझ गया हूं। संगीत और अभिनय ही मेरा जीवन है,’ उन्होंने जोर देकर कहा।
उधर, खेसारी की आगामी फिल्म ‘अग्निपरीक्षा’ को लेकर फैंस बेसब्र हैं। लाल बाबू पंडित के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता सुरिंदर यादव हैं। फिल्म में खेसारी के साथ आकांक्षा, नीलम के अलावा सुशील सिंह, प्रकाश जैस, सोनू पांडे, रितु चौहान, विनोद मिश्रा, सोनिया मिश्रा, महेश आचार्य, प्रियंका सोनी और दीपक सिन्हा महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिससे उत्साह दोगुना हो गया है। रिलीज डेट का ऐलान बाकी है।
खेसारी का यह बयान उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है, जो उनकी सादगी और ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं।