
बेंगलुरु के बाहरी इलाके में बुधवार को कचरा प्रबंधन को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। डोड्डाबल्लापुर की ओर जा रहे करीब 300 कचरा ट्रकों को स्थानीय निवासियों और भाजपा विधायक धीरज मुनिराजू के नेतृत्व में रोक लिया गया। डोड्डा मंकला क्षेत्र में यह नजारा देखने को मिला, जहां लोग शहर के कचरे को अपने इलाके में डालने के खिलाफ सड़क पर उतर आए।
महादेवपुरा में विरोध के बाद ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी ने ट्रकों का रास्ता मोड़ दिया था। हाल के एक सड़क हादसे में बच्चे की मौत ने लोगों के गुस्से को चरम पर पहुंचा दिया। भाजपा नेता मुनिराजू ने जीबीए अधिकारियों पर निशाना साधा और कहा कि बिना उचित अनुमति के कोई ट्रक कचरा नहीं खाली करेगा।
परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कई ट्रकों पर जुर्माना ठोंका। मित्तगनहल्ली व बेल्लाहल्ली प्रोसेसिंग सेंटर्स पर भी विरोध जारी है, जहां कचरे के वैज्ञानिक निपटान की कमी और पंचायतों को अपर्याप्त फंडिंग का आरोप लगाया जा रहा है।
जीबीए के सॉलिड वेस्ट सीईओ कारी गौड़ा पर अतिरिक्त ट्रक भेजने का इल्जाम है। शहर के बढ़ते कचरे के बीच स्थानीय प्रशासन बातचीत से समाधान निकालने में जुटा है, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।