
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन शुरुआत से ही निराशाजनक रहा है। दो मैचों में दो बार शून्य पर आउट हो चुके इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ चार गेंदें खेलीं और खाता भी नहीं खोल सके। लेकिन पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला का कहना है कि अभिषेक की खराब फॉर्म को लेकर चिंता का कोई विषय नहीं है।
जियोहॉटस्टार से बातचीत में चावला ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो अभिषेक की फॉर्म पर कोई चिंता नहीं। पिछले 18 महीनों में हमने उनका दमखम देखा है। वे जोखिम भरे शॉट्स खेलते हैं, जो अक्सर बड़े स्कोर दिलाते हैं। ऐसे बल्लेबाजों को समय देना जरूरी है।’
चावला ने अभिषेक के बल्लेबाजी तरीके पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गेंदबाजों के पास उनके खिलाफ गलती की गुंजाइश कम होती है। ‘जब गेंद दो मीटर के स्लॉट में आती है, खासकर नई गेंद से स्विंग के दौरान, तब उनका स्ट्राइक रेट थोड़ा कम रहता है। बाकी समय उनका स्ट्राइक रेट शानदार होता है।’
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने तीन लगातार जीत हासिल कर सुपर 8 में जगह बना ली है। ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच बुधवार को नीदरलैंड्स से है। चावला का अनुमान है कि कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है।