
नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर का उद्घाटन किया। यह पवेलियन एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) क्षेत्र में एआई की क्रांतिकारी भूमिका को प्रदर्शित करने वाला एक पूर्ण कार्यरत नवाचार केंद्र है।
उद्घाटन अवसर पर वैष्णव ने इसे मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं वेवएक्स, वेव्स बाजार और क्रिएट इन इंडिया चैलेंज का रणनीतिक विस्तार बताया। उन्होंने पवेलियन का विस्तार से निरीक्षण किया और वेवएक्स स्टार्टअप्स के युवा उद्यमियों तथा एडोब, नेटफ्लिक्स, सोनी व अमेजन के शीर्ष अधिकारियों से चर्चा की।
यहां अत्याधुनिक एआई प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें रीयल-टाइम गेम डेवलपमेंट, प्रॉम्प्ट-टू-सिनेमा लाइव स्टूडियो, एडब्ल्यूएस व भारतजेन का एआई आधारित न्यूज रूम शामिल है। इसके अलावा सर्वम की वॉयस क्लोनिंग, इंडस चैट ऐप, एनएफडीसी की 270-डिग्री एआई फिल्म स्क्रीनिंग, सोनी की उम्र बदलने वाली तकनीक और व्हिसलिंग वुड्स की मार्करलेस मोशन कैप्चर जैसी नवीनतम तकनीकें प्रदर्शित की गईं।
समिट के दौरान यह प्लेटफॉर्म विशेषज्ञ संवाद, फिल्ममेकर मास्टरक्लास और तकनीकी सत्रों की मेजबानी करेगा। इससे पहले वैष्णव ने कहा था कि भारत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विश्व को नया एआई मॉडल देगा, जो पूरे सेक्टर को बदल देगा। उन्होंने कृषि-स्वास्थ्य में एआई के बढ़ते उपयोग पर जोर देते हुए पीएम मोदी के तकनीक लोकतंत्रीकरण के विजन को रेखांकित किया।