
चंडीगढ़। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा इस साल जून में पंजाब प्रीमियर लीग (पीपीएल) का आगाज होगा। यह नई टी20 लीग राज्य की पारंपरिक घरेलू प्रतियोगिता की जगह लेगी। भारतीय टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीतने को तैयार हैं। वहीं, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को रूलाएंगे।
लीग में कुल छह टीमें शिरकत करेंगी। टूर्नामेंट से पूर्व पंजाब के खिलाड़ियों के लिए विशेष ऑक्शन आयोजित होगा, जहां फ्रेंचाइजी जमकर बोली लगाएंगी। आईपीएल में धमाल मचाने वाले प्रभसिमरन सिंह ने पिछले सीजन में 17 मैचों में 160 के स्ट्राइक रेट से 549 रन ठोके थे। नेहल वढेरा, नमन धीर, रमनदीप सिंह, अनमोलप्रीत सिंह और अंडर-19 वर्ल्ड कप हीरो विहान मल्होत्रा भी मैदान पर आग उगलेंगे।
दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के शामिल होने की संभावना से स्टेडियम फैंस से खचाचूर हो सकते हैं। गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर रखे जाने के बाद यह लीग उनके लिए फॉर्म हासिल करने का सुनहरा मौका है।
पंजाब के युवा खिलाड़ी आईपीएल में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से छाए हैं, इसी को देखते हुए एसोसिएशन ने पीपीएल को नए रूप में पेश किया है। ऑक्शन में केवल पंजाब प्रतिनिधित्व करने वाले क्रिकेटर ही उपलब्ध होंगे। अभी शेड्यूल की घोषणा बाकी है, लेकिन जून का इंतजार शुरू हो चुका है। यह लीग पंजाब क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।