
पेशावर। खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के रास्ते पर स्थित यारिक पुलिस स्टेशन और कस्टम कार्यालय पर बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला बोल दिया। इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जख्मी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने ऑटोमैटिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। मारे गए अधिकारियों में कस्टम अधिकारी इसरार खान और कांस्टेबल मोहम्मद बिलाल शामिल हैं। घायल हजरत उमर और ख्याल मोहम्मद को डेरा इस्माइल खान जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है।
हमले के दौरान हमलावरों ने सीपीईसी मार्ग पर गुजर रही पैसेंजर बसों को भी निशाना बनाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। एक कस्टम वाहन में आग लगा दी गई। सुरक्षाबलों ने मुकाबला किया, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने का अभियान चल रहा है।
इससे पहले इस महीने डेरा इस्माइल खान के वांडा बुध में पुलिस पर हमला हुआ था, जिसमें चार जवान शहीद हो गए थे। 24 जनवरी को जिले में एक शादी के दौरान धमाका हुआ, जिसमें पांच लोग मारे गए। उधर, उसी दिन काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने आठ आतंकियों को मार गिराया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए। यह घटना सीपीईसी की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।