
मनाली के पास स्थित अंजनी महादेव मंदिर में इस बार भी प्रकृति का कमाल देखने को मिला है। 11 हजार फीट की ऊंचाई पर 15-20 फीट ऊंचा प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग प्रकट हो गया है। कड़ाके की सर्दी और बर्फीले तूफानों के बावजूद भक्तों का तांता लगा हुआ है।
यह स्थान ‘मिनी अमरनाथ’ के नाम से जाना जाता है, जहां स्वयंभू बर्फ शिवलिंग भक्तों को खींच ला रहा है। फिसलन भरी पगडंडियों पर चलते हुए श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। एक भक्त ने कहा, ‘अमरनाथ दो बार गया, अब यहां आकर लगता है तीसरी बार बाबा बर्फानी के दर्शन हुए। भक्ति की ताकत से कोई राह मुश्किल नहीं लगती।’
मंदिर के पुजारी बताते हैं कि संत बाबा प्रकाश पुरी इसी स्थान पर अनुयायियों संग आए थे। कथा है कि मां अंजनी ने यहां संतान प्राप्ति की प्रार्थना की, तो भगवान शिव प्रकट हुए। हर साल दिसंबर से फरवरी तक यह चमत्कार होता है, और भक्तों की संख्या बढ़ती जाती है।
महिलाओं का एक दल बोला, ‘पहाड़ चढ़ना कठिन था, लेकिन दर्शन होते ही सारी थकान गायब। यह जन्नत जैसा नजारा है, सबको आना चाहिए।’ आस्था और प्रकृति का यह संगम पर्यटकों को भी लुभा रहा है, जो इस चमत्कारी स्थल की ओर रुख कर रहे हैं।