
असम में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों की तैयारी को गति देने के लिए कमर कस ली है। इसी सिलसिले में गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुवाहाटी पहुंचेंगी। उनका यह दौरा पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने और आंतरिक एकजुटता सुनिश्चित करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, प्रियंका सबसे पहले नीलाचल पहाड़ी स्थित कामाख्या मंदिर में पूजा करेंगी, फिर राजीव भवन में पार्टी नेताओं के साथ बैठकें करेंगी।
सुबह 11 बजे शुरू होने वाली ये बैठकें रात तक चल सकती हैं। इसमें पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के प्रमुख, विभागीय प्रभारी और जिला स्तरीय नेता शामिल होंगे। मुख्य चर्चा संगठन पुनर्गठन, बूथ स्तर पर समितियों को सशक्त बनाने और 2026 चुनाव की रणनीति पर केंद्रित रहेगी।
असम कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह के बीच प्रियंका मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य का जायजा लेंगी। विभिन्न जिलों के नेताओं से जमीनी मुद्दों पर बातचीत कर फीडबैक लेंगी। विपक्षी दलों में उथल-पुथल और नेताओं के पलायन की खबरों के बीच यह यात्रा पार्टी के मनोबल को ऊंचा करने का काम करेगी।
हाल के महीनों में प्रियंका का असम का पहला दौरा होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनका मानना है कि यह यात्रा पार्टी को नई दिशा देगी। आधिकारिक ब्योरा जल्द जारी होगा, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं। असम में कांग्रेस की वापसी की उम्मीदें इससे मजबूत हुई हैं।