
नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के साइडलाइन पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस चर्चा का केंद्र भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेज विकास और गूगल के साथ भारतीय छात्रों व पेशेवरों के संभावित सहयोग पर रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यह मुलाकात बेहद सुखद रही। उन्होंने एआई क्षेत्र में भारत के प्रयासों और गूगल की भूमिका पर विस्तार से चर्चा का जिक्र किया।
समिट में भाग लेने दिल्ली पहुंचे पिचाई का मुख्य संबोधन 20 फरवरी को होगा। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत लौटना शानदार लग रहा है।’
19 फरवरी को पीएम मोदी समिट का उद्घाटन करेंगे, जो वैश्विक सहयोग, समावेशी और जिम्मेदार एआई के लिए भारत के विजन को रेखांकित करेगा। इसमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री, 100 सरकारी प्रतिनिधि और 500 वैश्विक एआई विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
लोग, ग्रह और प्रगति के तीन सूत्रों पर आधारित यह समिट सात विषयगत समूहों के माध्यम से एआई के आर्थिक-सामाजिक लाभ, संसाधनों का लोकतंत्रीकरण, सामाजिक सशक्तिकरण, सुरक्षित एआई, मानव पूंजी, विज्ञान तथा नवाचार को मजबूत बनाएगा।
भारत इस समिट के जरिए वैश्विक एआई एजेंडा को आकार देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जो प्रगतिशील ढांचे का निर्माण करेगा।