
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भोपुरा बॉर्डर के पास मंगलवार रात को 1.504 किलोग्राम स्मैक जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक पति-पत्नी जोड़े समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया।
मुखबिर की टिप से पता चला कि बरेली का आरिफ खान गाजियाबाद व दिल्ली में बड़ी मात्रा में हेरोइन की सप्लाई करता है। पुलिस ने भोपुरा क्षेत्र में घेराबंदी की और एक संदिग्ध वैगनआर कार पर नजर रखी। इंस्पेक्टर विकास पन्नू के नेतृत्व में एसीपी सतेंद्र मोहन की देखरेख में टीम ने कार को रोका।
कार में सवार आरिफ (36) और उनकी पत्नी शिखा अली (30) से 303 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पिछली सीट के बैग से 1007 ग्राम और मिले। पूछताछ में सामने आया कि ये दंपति परिवार के बहाने रात में तस्करी करता था।
इसके बाद जुम्मन (32), जो भलस्वा डेयरी की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 194 ग्राम हेरोइन मिली। कुल बरामदगी 1504 ग्राम। जांच से पता चला कि आरिफ कोविड के दौरान नौकरी खोने के बाद टैक्सी चलाता था और बरेली के स्मगलर से जुड़ा। जुम्मन पैकिंग व लोकल बिक्री का काम देखता था।
इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर के एक बड़े नेटवर्क पर ब्रेक लगा है। पूरी चेन उजागर करने और अन्य राज्यों के अपराधियों की तलाश जारी है।