
फिल्म जगत में हॉरर प्रेमियों के लिए खुशखबरी! राज गवाली प्रोडक्शन ने अपनी आगामी सुपरनैचुरल थ्रिलर ‘द वार्डरोब’ का पहला लुक पोस्टर जारी कर दिया है। सौरभ चौबे के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें दिव्या अग्रवाल और रजनीश दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
पोस्टर में एक प्राचीन लकड़ी की अलमारी का डरावना रूप दिखाया गया है, जो आधी खुली पड़ी है। उस पर बेलें जकड़ ली हैं और अंदर से लाल भयानक चमक बाहर आ रही है। खून से लथपथ सफेद कपड़ों वाली एक भूतिया महिला की परछाईं बाहर झांक रही है, जो देखने वालों को सिहरा देगी। धुंधलका और काली परछाइयां माहौल को और रहस्यमय बनाती हैं, जबकि नीचे गहरे लाल अक्षरों में फिल्म का नाम लिखा है।
बिग बॉस ओटीटी विजेता दिव्या अग्रवाल ने कहा, “यह किरदार मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। कहानी के रहस्य और रोमांच थिएटर में ही महसूस होंगे।” रजनीश दुग्गल ने स्क्रिप्ट की सराहना की, “यह सस्पेंस, मनोवैज्ञानिक तत्वों और अलौकिक दुनिया का कमाल का मेल है।”
निर्माता ज्योति राज गवाली ने बताया कि फिल्म सिर्फ डराने वाली नहीं, बल्कि जीवन बदलने वाले राजों की कहानी है। सह-निर्माता राज गवाली के साथ मिलकर बनाई गई यह फिल्म एक पुरानी अलमारी के इर्द-गिर्द बुनी गई है। जल्द ट्रेलर और गाने रिलीज होंगे। हॉरर फैंस, तैयार हो जाइए!