
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने बुधवार को कल्याणी के बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर बंगाल को 6 विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहली बार कदम रखा। इस ऐतिहासिक जीत के नायक बने तेज गेंदबाज आकिब नबी, जिनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी ने टीम को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
टीम के सफर में सभी खिलाड़ियों का योगदान रहा, लेकिन आकिब नबी का प्रदर्शन बेजोड़ रहा। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल दोनों में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए उन्होंने कमाल कर दिखाया।
मध्यप्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 56 रन की शानदार जीत दर्ज करते हुए आकिब ने पहली पारी में 7/40 और दूसरी में 5/70 विकेट लिए। उनकी धारदार गेंदबाजी ने प्रतिद्वंद्वी को धूल चटा दी।
सेमीफाइनल में बंगाल जैसी मजबूत टीम के सामने भी आकिब अडिग रहे। पहली पारी में 5 और दूसरी में 4 विकेट समेटने के साथ ही 42 रनों की उपयोगी पारी खेली। इस बहुमुखी प्रदर्शन ने जेकेए को फाइनल का टिकट थमा दिया।
29 वर्षीय आकिब ने 2020 में जेकेए के लिए प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ में खरीदा है। फाइनल में उनका प्रदर्शन न सिर्फ प्रशंसकों बल्कि चयनकर्ताओं की नजरों में भी होगा।