
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की ऑनलाइन उपस्थिति ने नया कीर्तिमान रचा है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव अभिषेक सिंह ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि चार दिनों में 115 सत्र लाइव हुए, जिनमें एक समय पर 21 तक सत्र प्रसारित हुए। यूट्यूब पर कुल 4.57 लाख से अधिक व्यूज हो चुके हैं और दर्शकों ने 80 हजार घंटे से ज्यादा देखा। प्रति घंटा औसतन 18 हजार लोग जुड़ रहे हैं, जो दुनिया भर से एआई को सुलभ बनाने के उद्देश्य को मजबूत कर रहा है।
मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने 18 और 19 फरवरी की व्यवस्थाओं का ब्योरा दिया। 18 को एक्सपो क्षेत्र सुबह 9:30 से रात 8 बजे तक खुलेगा। कन्वेंशन सेंटर के सत्र शाम 4:30 तक समाप्त होंगे। उसके बाद क्षेत्र खाली कराया जाएगा क्योंकि 6:30 बजे समिट डिनर है, जिसमें प्रधानमंत्री और प्रमुख वक्ता शामिल होंगे।
19 फरवरी को मुख्य उद्घाटन के कारण एक्सपो 11 बजे खुलेगा। कन्वेंशन में आम लोगों का प्रवेश सीमित रहेगा, लेकिन एक्सपो में लाइव प्रसारण उपलब्ध होगा। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी मनीष कुमार अग्रवाल ने चेतावनी दी कि एक्सपो में घुसने के बाद कन्वेंशन में प्रवेश नहीं। ट्रैफिक सीपी दिनेश कुमार गुप्ता ने योजनाएं बताईं- मुख्य क्षेत्रों में वाहन सुगम, होटलों के लिए वैकल्पिक मार्ग।
सुरक्षा और सुविधा का संतुलन बनाए रखते हुए अधिकारियों ने मीडिया से अपील की कि ये जानकारियां विजिटर्स तक पहुंचाएं। समिट एआई चर्चा को व्यापक बना रहा है।