
साउथ सिनेमा की चहेती अभिनेत्री नित्या मेनन अब प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रख रही हैं। मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो के जरिए उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस ‘कियूरी प्रोडक्शंस’ लॉन्च किया। अभिनय से लाखों दिल जीत चुकीं नित्या का यह नया कदम उनके प्रशंसकों के लिए खुशी का सबब बन गया है।
वीडियो में नित्या ने कहा कि फिल्में बनाना उनके लिए सिर्फ कहानियां बुनना नहीं, बल्कि भावनाओं का पुल है। रचनात्मकता की इस प्रक्रिया में वे खुद को बदलता महसूस करती हैं और दर्शकों में भी सकारात्मक परिवर्तन आता है। ‘यह बदलाव धीरे-धीरे होता है, लेकिन स्थायी असर छोड़ जाता है,’ उन्होंने लिखा। अभिनय के दिनों से ही प्रोड्यूसर बनने का सपना देख रही नित्या अब इसे साकार कर रही हैं।
‘कियूरी’ नाम धरती की गुफाओं से निकलने वाली, चट्टानों से बनी, रोशनी प्रेमी और बंधनों से मुक्त शक्ति को दर्शाता है। नित्या ऐसी फिल्में बनाना चाहती हैं जो गहरी भावनाओं को झकझोरें और जीवन में सकारात्मकता लाएं।
मलयालम, तेलुगु, तमिल व कन्नड़ सिनेमा में अपनी बहुमुखी प्रतिभा से पहचानी जाने वाली नित्या पार्श्वगायिका भी हैं। ‘थिरुचित्राम्बलम’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार और चार फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ उनके नाम हैं। 1998 में बाल कलाकार के रूप में डेब्यू करने वाली नित्या बॉलीवुड की ‘मिशन मंगल’ में नजर आ चुकी हैं। ‘कियूरी प्रोडक्शंस’ से उम्मीदें आसमान छू रही हैं।