
रांची। झारखंड विधानसभा का महत्वपूर्ण बजट सत्र 18 फरवरी से आरंभ हो रहा है। सत्र का शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई।
बैठक के बाद अध्यक्ष महतो ने पत्रकारों को बताया कि सदन की कार्यवाही बिना किसी बाधा के चले, इसके लिए सभी दलों के नेताओं और अधिकारियों के साथ गहन बातचीत हुई। सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले विधेयक, रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही लंबे समय से लटके सवालों के जवाब तत्काल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष ने सभी दलों से अपील की कि इन मुद्दों पर सदन में गंभीर बहस हो ताकि जनता से जुड़े समस्याओं का समाधान निकल सके।
23 फरवरी को झारखंड में नगर पंचायत चुनाव हैं। संसदीय कार्य मंत्रणा समिति यह तय करेगी कि उस दिन सदन की कार्यवाही स्थगित रहे, जिससे विधायक अपने क्षेत्रों में चुनावी जिम्मेदारियां निभा सकें।
अध्यक्ष महतो ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सदन का सुचारु संचालन जरूरी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का सहयोग अपेक्षित है। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रतिनिधि, कांग्रेस नेता सहित सभी दलों के सदस्य मौजूद थे।