
जम्मू, 17 फरवरी। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों कठुआ और सांबा में सुरक्षा एजेंसियों ने पांच पाकिस्तानी संदिग्ध आतंकवादियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर दी हैं। लोगों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना देने की अपील की गई है।
पंजाब से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर यह कदम उठाया गया है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ की आशंका जताई गई थी। ‘पब्लिक इन्फॉर्मेशन’ शीर्षक वाले पोस्टरों में सेना, सीआरपीएफ, पुलिस या बीएसएफ को तत्काल सूचित करने या हेल्पलाइन पर कॉल करने को कहा गया है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ऐसा भरोसा दिलाया गया है।
कठुआ, किश्तवाड़, उधमपुर, डोडा और सांबा में आतंकी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए व्यापक अभियान तेज हो गए हैं। हाईवे, सीमा क्षेत्रों और आंतरिक इलाकों में अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं, डोमिनेशन पेट्रोलिंग और सघन तलाशी अभियान चल रहे हैं।
यह कदम डोडा में पाकिस्तान स्थित सैफुल्लाह बलूची के पोस्टर लगाने के बाद आया है, जो चिनाब घाटी में सक्रिय विदेशी आतंकियों को पकड़ने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
कठुआ में शनिवार को इंटरनेशनल बॉर्डर के 5 किलोमीटर दायरे में गैर-जरूरी आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया। डीएम राजेश शर्मा ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया, जिसमें सीमा पार फायरिंग और विध्वंसक गतिविधियों से सुरक्षा का हवाला दिया गया।
जम्मू-कश्मीर डीजीपी नलिन प्रभात ने शुक्रवार को सांबा का दौरा कर सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हालिया दौरे में आतंकमुक्ति और शून्य घुसपैठ सुनिश्चित करने के लिए मिशन मोड पर काम करने का आदेश दिया था। ये प्रयास उसी दिशा में मजबूत कदम हैं।