
लाहौर, 17 फरवरी। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर पाकिस्तानी सरकार को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। उनके पक्ष में क्रिकेट सितारों ने पीएम शहबाज शरीफ को पत्र तक लिख डाला है। इसी बीच गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि पीटीआई संस्थापक की बहन अलीमा खान के वीटो के कारण आंखों की जांच में तीन दिन की देरी हुई।
एआरवाई न्यूज के अनुसार, नकवी ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में इमरान के डॉक्टरों, उनकी मेडिकल टीम और पीटीआई नेताओं की बैठक का जिक्र किया। जेल डॉक्टरों ने इलाज की तारीफ की, तो पीटीआई नेताओं ने संतुष्टि जताई। आगे टेस्ट की जरूरत न होने की पुष्टि हुई।
फिर नकवी ने अलीमा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अलीमा ने पार्टी को रिपोर्ट मानने से रोका, वरना विवाद शांत हो जाता। डॉन अखबार के हवाले से नकवी बोले, ‘अच्छा इरादा होता तो पहले दिन मान लेते। सभी नेता तैयार थे, लेकिन अलीमा ने सब ठुकरा दिया।’
सुप्रीम कोर्ट में जमा रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि इमरान को सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन जैसी गंभीर बीमारी है। मामला तब गरमाया जब सरकार ने पिम्स में छोटे प्रोसीजर की बात कही। नकवी ने पीटीआई पर राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया। यह विवाद पाकिस्तान की जेल व्यवस्था और राजनीतिक तनाव को उजागर करता है।