
मुंबई। टीवी और सिनेमा जगत की चहेती अभिनेत्री मोना सिंह ने रिश्तों में सफलता का राज खोला है। ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ से लेकर ‘3 इडियट्स’ तक, उनके हर किरदार ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। निजी जिंदगी को भी पूरी शिद्दत से जीने वाली मोना ने एक साक्षात्कार में रिश्तों के सूत्र बताए।
उन्होंने कहा, ‘रिश्ते को मजबूत रखने का सबसे बड़ा रहस्य है एक टीम की तरह साथ चलना। पार्टनर को प्रतिद्वंद्वी न समझें, बल्कि एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ें।’ मोना के मुताबिक, प्यार के साथ समझ और सहयोग जरूरी है।
इन दिनों वह नेटफ्लिक्स की ‘कोहरा’ सीजन 2 की सफलता मना रही हैं। बरुण सोबती और रणविजय सिंह के साथ यह सीरीज रहस्यों से भरी है। पंजाब के दलेरपुरा में अमरपाल गरुंडी (बरुण) नई जिंदगी शुरू करता है, लेकिन एनआरआई प्रीत की हत्या से सब उलट-पुलट हो जाता है।
मोना द्वारा निभाए एसआई धनवंत कौर को केस सौंपा जाता है। जांच में प्रीत के पति से अलगाव, डांस टीचर से अफेयर और भाई से प्रॉपर्टी विवाद सामने आते हैं। सीरीज न सिर्फ मर्डर मिस्ट्री है, बल्कि रिश्तों और समाज की कुरीतियों की गहरी पड़ताल भी करती है।
मोना की यह सलाह हर जोड़े के लिए प्रेरणा है कि एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करें।