
गांधीनगर। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 से 22 फरवरी तक गुजरात के अपने पहले आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं। मात्र 45 वर्ष की आयु में पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को नई गति देने वाला साबित होगा।
प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने बताया कि 20 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद नितिन अहमदाबाद के नारनपुरा स्थित जीएससी बैंक में सांसदों व विधायकों से मुलाकात करेंगे। शाम को गांधीनगर के इंफोसिटी में बजट मीटिंग में उद्योगपति, चार्टर्ड अकाउंटेंट, उद्यमी, चिकित्सक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा होगी।
21 फरवरी की सुबह साबरमती रिवरफ्रंट पर स्थानीय संपर्क अभियान चलेगा। उसके बाद भद्रकाली माता मंदिर में पूजन, फिर प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों, संगठन नेताओं को संबोधन और सोशल मीडिया टीम से बैठक। दोपहर गिफ्ट सिटी में यंग वॉइस समिट को संबोधित करेंगे, जहां युवा स्टार्टअप्स से बातचीत होगी। शाम को जीएमडीसी हॉल में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन।
22 फरवरी को सुबह खड़िया में ‘मन की बात’ श्रवण के बाद दिल्ली लौटेंगे। विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा के प्रति समर्पित कैडर आधारित दल है। मोदी-शाह जैसे नेताओं का उदय कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। यह दौरा राज्य में संगठनिक एकता और जनभागीदारी को सशक्त करेगा।