
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप डी के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने कनाडा को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के दम पर कीवी टीम ग्रुप स्टेज का अंत तीन जीत के साथ करने के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के साथ सुपर-8 चरण में प्रवेश कर चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र हार झेलने वाली न्यूजीलैंड ने अभियान का शानदार समापन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा ने 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 173 रन बनाए। ओपनर युवराज शर्मा ने 65 गेंदों पर 110 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान दिलप्रीत बाजवा के साथ पहले विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की। बाजवा 39 गेंदों पर 36 रन बनाकर लौटे। न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हैनरी, जैकब डफी, काइल जैमिसन और जेम्स नीशम ने एक-एक विकेट लिया।
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। ओपनर टिम सेफर्ट 10 गेंदों पर 6 रन बनाकर साद बिन जाफर का शिकार बने, फिर फिन एलन 8 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। 30 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद साझेदारी निभाई। रविंद्र ने 39 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के जड़कर 59 रन ठोके, तो फिलिप्स ने 36 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। लक्ष्य 15.1 ओवर में हासिल।
कनाडा की टीम लगातार तीसरी हार झेल चुकी है और अब अफगानिस्तान के खिलाफ अंतिम लीग मैच खेलगी। न्यूजीलैंड की यह जीत सुपर-8 में उनके दमखम का एहसास कराती है।