
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में बुधवार से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का आगाज हो गया। नोएडा व ग्रेटर नोएडा के 56 परीक्षा केंद्रों पर करीब 62 हजार छात्र-छात्राएं कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा दे रहे हैं।
नकल रोकने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस तैनात है। स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्रों पर सीसीटीवी व नाइट विजन कैमरों से 24×7 नजर रखी जा रही। प्रश्नपत्र वितरण से उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रह तक हर कदम की वीडियोग्राफी हो रही है।
सुबह से ही छात्र केंद्रों पर पहुंचे। लंबी कतारों में प्रवेश द्वार पर सघन जांच चली। एडमिट कार्ड व आईडी दिखाने पर ही अंदर जाने दिया गया। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान व प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती बरती गई।
प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त हैं। उड़नदस्ते सक्रिय हैं। संवेदनशील स्थानों पर पीएसी जवान भी तैनात। अधिकारी बोले- परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकलरहित होंगी।
प्रशासन को भरोसा है कि सभी परीक्षाएं बिना रुकावट संपन्न होंगी। छात्र निश्चिंत होकर परीक्षा दे सकेंगे।