
जोधपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय की जोधपुर बेंच मंगलवार सुबह एक बार फिर बम धमकी के साये में आ गई। एक धमकी भरे ईमेल के बाद पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ईमेल में परिसर में विस्फोटकों की मौजूदगी का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट विनीत बंसल के नेतृत्व में पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वायड और स्निफर डॉग्स ने छानबीन शुरू कर दी। सभी कोर्ट रूम खाली करा लिए गए हैं और न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से बंद है।
प्रशासन ने प्रवेश पर आईडी सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। सभी गेटों पर सघन चेकिंग हो रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट लिखा है कि कार्यवाही बाद में प्रारंभ होगी।
यह कोई पहला मामला नहीं। 6 फरवरी को जयपुर व जोधपुर दोनों बेंचों को इसी तरह धमकियां मिली थीं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से वकीलों व आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने वकील संघों से जांच में सहयोग की अपील की है।
इन धमकियों की गहन जांच जारी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल के स्रोत का पता लगा रहे हैं। न्यायपालिका की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो गई है। तलाशी अभियान जारी है और जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद है।