
पल्लेकेले। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक आठ विकेट से जीत दर्ज कर सुपर 8 में प्रवेश करने वाली श्रीलंका टीम के ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पथुम निसांका ने अपनी नाबाद शतकीय पारी पर गर्व जताया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी वाली पिच पर स्वाभाविक खेल दिखाते हुए 52 गेंदों पर 15 बाउंड्री के साथ नाबाद 100 रन ठोके।
श्रीलंका ने 182 रनों के लक्ष्य का 18 ओवरों में पीछा करते हुए आसानी से जीत हासिल की। निसांका ने कहा, ‘विकेट शानदार थी, जिसने मुझे अपना नैचुरल गेम खेलने का मौका दिया। शतक लगाकर टीम को जिताना बेहद सुखद है। हमें मजबूत पावरप्ले चाहिए था, कुसल मेंडिस के साथ साझेदारी ने मजबूती दी और फिर बस लक्ष्य हासिल कर लिया।’
पल्लेकेले में दूसरी पारी आसान रहती है, जहां विकेट बेहतर होता जाता है और ओस कम पड़ती है। अपनी फॉर्म पर निसांका बोले, ‘मैं अपनी जोन वाली गेंदों का इंतजार कर रहा था, जो मेरी ताकत के अनुकूल रहीं।’
श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से और ओमान को 105 रन से हराया। तीन लगातार जीतों से ग्रुप बी में +2.462 नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर। ऑस्ट्रेलिया तीन में एक जीत के बाद दूसरे स्थान पर (+0.414 एनआरआर), जबकि जिम्बाब्वे और आयरलैंड सुपर 8 की दौड़ में।