
बिहार के वैशाली जिले में पुलिस ने सोमवार को दो होटलों पर धावा बोलकर तीन महिलाओं को शोषण के चंगुल से मुक्त कराया। तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया जबकि एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई जिले के खरौना पोखर स्थित अभिषेक वैशाली होटल और द रॉयल कैफे एंड रेस्टोरेंट पर हुई, जहां मालिकान द्वारा कथित रूप से व्यावसायिक लाभ के लिए शारीरिक शोषण का धंधा चलाया जा रहा था।
गुप्त सूचना पर एसडीपीओ सदर-02 (लालगंज) के नेतृत्व में विशेष दस्ता गठित किया गया। इसमें वैशाली थाना प्रभारी, लालगंज सर्किल अधिकारी और महिला कांस्टेबल शामिल थे। छापेमारी में महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया।
गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के नीरज कुमार, मुकेश साहनी और सारण जिले के महेश महतो शामिल हैं। मौके से 5 मोबाइल, 2040 रुपये नकद, तीन रसीदें, एक रजिस्टर व एक घड़ी जब्त की गई। वैशाली थाने में केस दर्ज कर जांच जारी है।
दूसरी ओर रोहतास जिले के बिक्रमगंज में रेड लाइट क्षेत्र पर छापेमारी से हड़कंप मच गया। ढंगई गांव में नाच-गाने वाली महिलाओं को देखकर 6 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 4 वयस्क महिलाएं ऑर्केस्ट्रा से जुड़ी हैं। ये शादी-समारोहों में परफॉर्म करती हैं। एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने इसे नियमित अभियान बताया।