
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र 17 फरवरी से शुरू हो रहा है और कांग्रेस पार्टी ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर कसेला करने की पूरी तैयारी कर ली है। विधानसभा परिसर में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सत्र की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।
ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि जिम्मेदार विपक्ष के नाते कांग्रेस जनमुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएगी और सरकार की कमियों पर सवाल खड़े करेगी। पार्टी किसानों के शोषण, औद्योगिक प्रदूषण, महानदी विवाद, मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और दलित-आदिवासी घोटालों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरगी।
बैठक में विधायक दल नेता रामचंद्र कदम, सह-प्रभारी जेट्टी कुसुम कुमार और सभी विधायक उपस्थित रहे। बीजेडी और कांग्रेस मिलकर धान खरीद की अराजकता पर जोरदार हमला बोलने को तैयार हैं। बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने भी विधायकों को किसान समस्याओं और कानून-व्यवस्था पर बोलने के निर्देश दिए।
स्पीकर सुरमा पांडे की अगुवाई में सभी दलों की बैठक भी हुई। राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र शुरू होगा। 20 फरवरी को सीएम मोहन चरण माझी बजट पेश करेंगे। 17वीं विधानसभा का यह छठा सत्र 8 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 28 कार्यदिवस शामिल हैं।