
पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का एक यादगार मुकाबला देखने को मिला। पथुम निसांका के तूफानी शतक की बदौलत श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से ध्वस्त कर सुपर-8 में प्रवेश कर लिया। यह लगातार तीसरी जीत थी, जो मेजबान टीम के लिए बड़ा उलटफेर साबित हुई।
श्रीलंका ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। पहले मैच में आयरलैंड को 20 रन से शिकस्त दी, फिर ओमान को 105 रन के भारी अंतर से रौंदा। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड पर 67 रन की आसान जीत के बाद जिम्बाब्वे से 23 रन हार गई। अब लगातार दूसरी हार ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवरों में 181 रन ही बना सकी। ट्रेविस हेड और कप्तान मिशेल मार्श ने 8.3 ओवरों में 104 रन की सलामी साझेदारी की। हेड ने 29 गेंदों पर 56 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। मार्श ने 27 गेंदों में 54 रन बनाए।
जोश इंग्लिस ने 22 गेंदों पर 27 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से दुसुन हेमंथा ने 3 विकेट लिए, जबकि दुष्मंथा चमीरा को 2 सफलताएं मिलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को 8 रन पर कुसल परेरा (1) के रूप में पहला झटका लगा।
फिर निसांका और कुसल मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों पर 97 रन जोड़े। मेंडिस 38 गेंदों पर 51 रन (6 चौके, 1 छक्का) बनाकर 105 के स्कोर पर आउट हुए। निसांका ने पवन रतनायके के साथ 34 गेंदों पर नाबाद 79 रन की साझेदारी कर 18 ओवरों में जीत हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस ने 46 रन देकर 2 विकेट लिए।
यह जीत श्रीलंका की ताकत को दर्शाती है और सुपर-8 में उनके अभियान को मजबूत आधार देती है।