
झारखंड के पलामू जिले में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रघुआखाड़ गांव के मेले में एक दर्दनाक घटना घटी। पांकी प्रखंड के द्वारिका पंचायत में आयोजित इस मेले में गोलगप्पे खाने के बाद 20 बच्चों को उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत हो गई। सभी प्रभावित बच्चों का पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।
मेले में द्वारिका के यादव टोला, जमुआटांड़ समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। रविवार रात से बच्चों की हालत खराब होना शुरू हुई और सोमवार सुबह तक लक्षण गंभीर हो गए। ग्रामीणों ने फौरन स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी।
स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस लेकर गांव पहुंची और बच्चों को अस्पताल ले जाकर उपचार शुरू किया। गांव में निगरानी तेज कर दी गई है। द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी गोलगप्पा खाया था, जिससे वह बीमार पड़ गया।
पांकी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि 100 बच्चों की जांच में 20 पॉजिटिव पाए गए। सभी का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने सफाई और सतर्कता की अपील की है।
पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के प्रतिनिधि प्रकाश मेहता सहित समाजसेवी सुनील गुप्ता व रौशन सिंह अस्पताल पहुंचे। यह घटना मेले में खानपान की गुणवत्ता पर सवाल खड़ी करती है।