
पटना के एक सिनेमा हॉल में सोमवार शाम अनुभव सिन्हा की नई फिल्म ‘अस्सी’ का प्रीमियर हाउसफुल हो गया। तापसी पन्नू, कानी कुश्रुति, रेवथी, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अयूब जैसे सितारों से सजी यह फिल्म समाज के एक गंभीर मुद्दे को बयां करती है।
शिक्षा के क्षेत्र की मशहूर शख्सियत सुपर 30 के आनंद कुमार सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे। दर्शकों का जबरदस्त जोश इस बात का सबूत है कि पटना में सार्थक सिनेमा की भारी मांग है।
तापसी पन्नू ने दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में तभी सफल होती हैं जब लोग थिएटर तक पहुंचते हैं। उन्होंने अपील की, अगर फिल्म और इसका संदेश पसंद आए तो दूसरों को जरूर बताएं। बिहार के दर्शक गहरे मुद्दों को अच्छी तरह समझते हैं।
अनुभव सिन्हा और गौरव सोलंकी द्वारा लिखित यह फिल्म एक वकील की दास्तान है जो एक क्रूर बलात्कार मामले में अदालत में लड़ाई लड़ती है। उनका तर्क है कि देश में प्रतिदिन 80 बलात्कार के मामले दर्ज होते हैं, यही फिल्म का टाइटल है।
फिल्म समाप्त होते ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। बाहर निकलते दर्शकों ने कहा, ‘फिल्म तो गरदा बा।’ सभी ने कहानी, अभिनय और विषयवस्तु की जमकर तारीफ की। यह प्रीमियर समाज को सोचने पर मजबूर करने वाली शाम साबित हुआ। कलाकारों ने कहा कि हमने पूरी जान लगा दी, अब दर्शक इसे आगे बढ़ाएं।