
गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। चरण ऑटोटेक और भारत ऑयल फैक्ट्रियों में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दमकल विभाग को सूचना मिलते ही फायर स्टेशन साहिबाबाद से दो दमकल गाड़ियां तुरंत रवाना हो गईं।
वैशाली फायर स्टेशन से मुख्य अग्निशमन अधिकारी और द्वितीय अधिकारी के नेतृत्व में तीन और गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहां आग का विकराल रूप देखकर अतिरिक्त सहायता मांगी गई। कोतवाली से तीन, मोदीनगर से एक, लोनी से दो, हापुड़ से एक और गौतमबुद्धनगर से एक टैंकर भेजा गया। कुल 10 वाहनों ने संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया।
चरण ऑटोटेक में बाइक पार्ट्स बनते थे, जहां टीन शेड ढह गया और प्लास्टिक-थर्माकोल जलकर आग बढ़ा दिया। बगल वाली भारत ऑयल फैक्ट्री को शुरुआत में ही बचा लिया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।
खुशी की बात यह रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। आर्थिक नुकसान तो हुआ, लेकिन आसपास की फैक्ट्रियां और घर सुरक्षित रहे। दमकल टीम की तत्परता सराहनीय रही। आग के कारणों की जांच जारी है।