
टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच होने वाला मुकाबला सोमवार शाम 7 बजे कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में शुरू होगा। इस महत्वपूर्ण मैच से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को औपचारिक रूप से शामिल कर लिया है।
स्मिथ जोश हेजलवुड की जगह टीम में आए हैं। वे मूल रूप से कप्तान मिशेल मार्श के बैकअप के तौर पर बुलाए गए थे, जिन्हें नेट्स में चोट लग गई थी। मार्श की वजह से टीम को शुरुआती दो मैचों में झटका लगा।
रविवार को स्मिथ ने कैंडी में टीम के साथ अभ्यास किया और अब वे प्लेइंग इलेवन के लिए उपलब्ध हैं। चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने कहा कि आईसीसी नियमों के अनुसार बदलाव मैच से कम से कम एक दिन पहले करना जरूरी है। ‘मिशेल और स्टोइनिस को लेकर अनिश्चितता के बीच स्मिथ का सक्रिय रहना उचित है।’
श्रीलंका के खिलाफ स्मिथ के खेलने की संभावना कम है, क्योंकि मार्श वापसी कर ओपनिंग संभाल सकते हैं। लेकिन अगर मार्श अनफिट रहते हैं, तो स्मिथ की मौजूदगी सुनिश्चित लग रही है। फरवरी 2024 के बाद स्मिथ का यह पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा।
हालिया बीबीएल में शानदार फॉर्म के दम पर स्मिथ की विश्व कप में वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं। उनके नाम 67 टी20 मैचों में 1094 रन हैं, जिनमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह जीत जरूरी है, वरना टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा है।