
महाराष्ट्र में कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा टीपू सुल्तान की छत्रपति शिवाजी महाराज से तुलना करने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा विधायक राम कदम ने शिवसेना-यूबीटी पर जोरदार हमला बोला और कहा कि उद्धव की सेना अब पूरी तरह सोनिया सेना बन चुकी है।
राम कदम ने कहा कि अगर बालासाहेब ठाकरे जीवित होते तो सपकाल के बयान पर खुद जूते या चाबुक से हिसाब लेते। लेकिन उद्धव ठाकरे और उनके नेता बालासाहेब की विचारधारा को राहुल गांधी के चरणों में रखकर चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि उद्धव ठाकरे रुद्राक्ष की माला का ढोंग क्यों कर रहे हैं जब कांग्रेस शिवाजी महाराज का अपमान कर रही है। आपका हिंदुत्व कहां गया? यह सिद्ध हो गया कि उद्धव सेना सोनिया सेना है।
इसके अलावा, कदम ने भारत की पाकिस्तान पर टी-20 वर्ल्ड कप जीत की सराहना की और प्रधानमंत्री मोदी के भारत एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को संबोधित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एआई का भविष्य है और मोदी ने इसे पहले ही समझ लिया है।